CG Investment : CM विष्णु देव साय का सिंगापुर में पहला दिन, Gardens by the Bay से चर्चा, निवेश के लिए उद्योग जगत को दिया न्योता

CG Investment : CM विष्णु देव साय का सिंगापुर में पहला दिन, Gardens by the Bay से चर्चा, निवेश के लिए उद्योग जगत को दिया न्योता

रायपुर, 4 अक्टूबर। CG Investment : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में सहभागिता के लिए सिंगापुर प्रवास पर है। सिंगापुर प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री ने Gardens by the Bay के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन, शहरी हरियाली तथा ईको-टूरिज्म के विकास को लेकर चर्चा की।

Gardens by the Bay के अधिकारियों से अहम चर्चा

मुख्यमंत्री साय और छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने Gardens by the Bay के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ तथा डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को Gardens by the Bay की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन से जुड़ी कार्यप्रणालियों की जानकारी दी गई।

दोनों पक्षों के बीच उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्र में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

नवा रायपुर के बॉटनिकल गार्डन को मिलेगा अनुभवों का लाभ

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ समृद्ध वनों और जैव विविधता से परिपूर्ण प्रदेश है। उन्होंने कहा कि Gardens by the Bay की विशेषज्ञता और अनुभवों का लाभ नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन के विकास के साथ प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर लैंडस्केपिंग तथा हरित क्षेत्रों के विस्तार में लिया जा सकता है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इससे छत्तीसगढ़ में पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकते हैं।

SBF Leadership Dinner में शामिल हुए CM साय

मुख्यमंत्री साय शाम को SING फोरम की पूर्व संध्या पर सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित Leadership Dinner में शामिल हुए। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, SBF के चेयरमैन मार्क ली और CEO कोक पिंग सून सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

डिनर में Mastercard, Tata Consultancy Services, Nestle और The Indian Hotels Company Limited के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ छत्तीसगढ़ के 7 सदस्यीय और हरियाणा के 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने भी भाग लिया।

निवेश के लिए सिंगापुर के उद्योग जगत को आमंत्रण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ को तेजी से उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रदेश की औद्योगिक नीति, Ease of Doing Business के लिए किए गए सुधारों तथा MSME, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में सहभागी बनने और प्रदेश में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 अक्टूबर को SING Forum 2026 में शामिल होंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ CEO Roundtable में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर चर्चा करेंगे।

About The Author

छत्तीसगढ