रायपुर, 11 नवंबर। Govardhan Puja in CG: गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर ग्राम मांढर में गोवर्धन पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामवासियों के साथ भगवान गोवर्धन नाथ एवं गौ-माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने क्षेत्र की उन्नति, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पारंपरिक तरीके से हुआ विधायक अनुज शर्मा का स्वागत
कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा के पहुंचने पर ग्रामवासियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। ग्रामीणों ने तिलक लगाकर, साफा पहनाकर और पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान पूरा गांव भक्तिमय माहौल और लोक-संस्कृति के रंगों में रंगा नजर आया।
सनातन परंपरा और प्रकृति के प्रति आभार का पर्व है गोवर्धन पूजा
पूजा-अर्चना के बाद ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने गोवर्धन पूजा और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सनातन परंपरा, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर प्रकृति, पर्वत, नदियों और गौ-धन के महत्व का संदेश दिया था। गौ-माता हमारे समाज की रीढ़ हैं और गौ-सेवा से बढ़कर कोई पुण्य कार्य नहीं है। हमें अपनी संस्कृति, मिट्टी और गौ-माता की रक्षा एवं सेवा का संकल्प लेना चाहिए।
विधायक ने भगवान गोवर्धन नाथ से ग्राम मांढर के प्रत्येक घर में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही किसानों के खेतों में खुशहाली और गांव की निरंतर प्रगति की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। आत्मीय स्वागत के लिए उन्होंने सभी ग्रामवासियों का आभार भी जताया।
गांव के विकास और जनसमस्याओं पर हुई चर्चा
पूजा कार्यक्रम के बाद विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर गांव के विकास कार्यों और स्थानीय जनसमस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने ग्राम मांढर के सर्वांगीण विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रतिबद्धता जताई।
बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में हनुमंत आडिल, सन्नीं साहू, शिवेंद्र साहू सहित गांव के वरिष्ठ नागरिक, यादव समाज के युवा, महिलाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर भगवान गोवर्धन नाथ को अन्नकूट का प्रसाद अर्पित किया और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

