मथुरा, 11 नवंबर। Vrindavan Storyteller Controversy: उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित सेवाधाम आश्रम के कथावाचक डॉ. इंद्रदेव महाराज विवादों में घिर गए हैं। एक महिला ने उन पर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो कॉल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत के आधार पर महाराष्ट्र के ठाणे स्थित कशिमिरा थाने में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, डॉ. इंद्रदेव महाराज ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए इसे धन उगाही की कोशिश करार दिया है।
दीक्षा देने और परेशानी दूर करने का दिया भरोसा
महिला के मुताबिक, वर्ष 2023 में सत्संग के दौरान उसकी मुलाकात डॉ. इंद्रदेव महाराज से हुई थी। महिला की ‘महाराज’ के साथ जान-पहचान बढ़ गई। महाराज ने उसकी निजी समस्याओं को सुलझाने का वादा करके उसका भरोसा जीत लिया। महिला का आरोप है कि जब वह वृंदावन के सेवाधाम आश्रम में रुकी हुई थी, तब महाराज ने उसे रात में अपने कमरे में बुलाया। उसे यह भी हिदायत दी गई कि अगर कोई पूछे, तो वह कहे कि वह दवा लेने जा रही है।
अश्लील वीडियो कॉल करने का भी आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में अश्लील वीडियो कॉल करने के भी आरोप लगाए हैं। अपने बयान में महिला ने कहा, ‘आश्रम के कमरे में जाने के बाद, महाराज ने दरवाजा बंद कर लिया और जबरदस्ती मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाए। उन्होंने वीडियो कॉल के दौरान मुझे कपड़े उतारने के लिए मजबूर किया, अश्लील हरकतें कीं और पूरी घटना को रिकॉर्ड कर लिया।’ इंद्रदेव महाराज वृंदावन के एक जाने-माने धार्मिक उपदेशक हैं। अब उनके खिलाफ महाराष्ट्र के मीरा-भायंदर स्थित काशीमीरा पुलिस स्टेशन में ‘जीरो FIR’ दर्ज की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।
महिला आठ महीने तक न्याय के लिए दर-दर भटकती रही
पीड़िता का आरोप है कि वह पिछले आठ महीनों से न्याय पाने के लिए संघर्ष कर रही है, लेकिन उसकी शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया गया। बताया जा रहा है कि तृप्ति देसाई के हस्तक्षेप के बाद ही इस मामले में FIR दर्ज की गई। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धाराओं 69, 75, 79 और 351(2) के तहत दर्ज किया गया है।
महाराज ने आरोपों को बताया धन उगाही की कोशिश
दूसरी ओर, डॉ. इंद्रदेव महाराज ने महिला के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि ये आरोप निराधार हैं और उनसे धन उगाही करने की कोशिश की जा रही है। मामले में दोनों पक्षों के दावों के बीच अब पुलिस जांच के निष्कर्ष का इंतजार है।

