नई दिल्ली, 05 दिसंबर। PM Modi : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय भारत दौरे पर गुरुवार को नई दिल्ली पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट पर स्वयं जाकर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने पुतिन को भगवद गीता का रूसी अनुवाद भेंट किया और एक्स पर लिखा कि गीता के उपदेश दुनिया भर में लोगों को प्रेरित करते हैं।
क्रेमलिन की प्रतिक्रिया
क्रेमलिन ने कहा कि पीएम मोदी का विमान के पास जाकर पुतिन का स्वागत करना अप्रत्याशित था और इसकी पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी। पुतिन का यह दौरा 2022 में यूक्रेन युद्ध के शुरू होने के बाद पहला भारत दौरा है।
भारत–रूस रिश्तों पर पीएम मोदी का संदेश
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत कर खुशी है और वे दोनों देशों के बीच होने वाली बैठकों को लेकर आशान्वित हैं। उन्होंने लिखा कि भारत–रूस की दोस्ती हमेशा मजबूत रही है, जिससे दोनों देशों को लाभ मिला है।
23वां भारत–रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन आज
आज दोनों नेता 23वें वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। राष्ट्रपति पुतिन का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत होगा। पुतिन राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे।

