गोरखपुर, 27 दिसंबर। Student Murder : पिपराइच थाना क्षेत्र स्थित कोऑपरेटिव इंटर कॉलेज परिसर में शुक्रवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने 11वीं कक्षा के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 17 वर्षीय सुधीर उर्फ भोला के रूप में हुई है। घटना के बाद कॉलेज परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल से छुट्टी के बाद सुधीर अपने तीन दोस्तों के साथ खेल मैदान में मौजूद था और अपने चचेरे भाई को बाइक चलाना सिखा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाश मौके पर पहुंचे और सुधीर को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली उसके गर्दन में लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा। शोर सुनकर कॉलेज के अन्य छात्र मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपी असलहा लहराते हुए फरार हो गए।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां बेसुध हो गईं।
मोबाइल स्टेटस को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, पिपराइच क्षेत्र के गढ़वा निवासी राजेश के पुत्र सुधीर का तीन दिन पहले गांव के ही एक युवक से मोबाइल फोन पर लगाए गए स्टेटस को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद आरोपी ने सुधीर को जान से मारने की धमकी दी थी।
आरोपी के घर पहुंचा शव, जमकर हंगामा
हत्या से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव लेकर आरोपी के घर पहुंच गए और वहां हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपी के माता-पिता भी भीड़ के हत्थे चढ़ गए, जिन्हें पुलिस ने किसी तरह से बचाकर सुरक्षित निकाला। हालात को देखते हुए आसपास के तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर बुलाई गई।
करीब पांच घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए शाम करीब 6:30 बजे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चार के खिलाफ केस, एक संदिग्ध हिरासत में
मृतक के पिता राजेश की तहरीर पर मुख्य आरोपी विनय सहित चार लोगों और चार बाल अपचारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है।
इस संबंध में एसएसपी राजकरन नय्यर ने बताया (Student Murder) कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें और एसओजी को लगाया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

