एंटरटेनमेंट डेस्क, 17 जनवरी। Priyanshu Chhetri Murder : साल 2022 में रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म ‘झुंड’ में बाबू छेत्री का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाले अभिनेता प्रियांशु क्षत्रिय की नागपुर में कथित तौर पर हत्या कर दी गई। यह घटना बुधवार सुबह नागपुर के जरीपटका इलाके की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतक के एक करीबी दोस्त को हिरासत में लिया गया है।
जरीपटका थाने के पुलिस इंस्पेक्टर अरुण क्षीरसागर ने द इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में बताया कि फिलहाल जांच जारी है। उन्होंने कहा कि प्रियांशु के दोस्त ध्रुव साहू को हिरासत में लिया गया है, क्योंकि वह आखिरी व्यक्ति था, जिसके साथ प्रियांशु को मंगलवार रात देखा गया था। हत्या के पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार आरोपी की पहचान ध्रुव लाल बहादुर साहू (उम्र करीब 21 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसे इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है।
फिल्म ‘झुंड’ से मिली थी पहचान
21 वर्षीय प्रियांशु क्षत्रिय ने निर्देशक नागराज मंजुले की चर्चित फिल्म ‘झुंड’ में काम किया था, जिसमें अमिताभ बच्चन मुख्य भूमिका में थे। यह फिल्म एनजीओ स्लम सॉकर के संस्थापक विजय बरसे के जीवन पर आधारित थी और एक सेवानिवृत्त खेल शिक्षक की कहानी बताती है, जो फुटबॉल के जरिए वंचित बच्चों का भविष्य बदलता है। फिल्म में प्रियांशु के अभिनय को काफी सराहना मिली थी।
शराब पार्टी के बाद हुई घटना
पुलिस के अनुसार, प्रियांशु और ध्रुव अच्छे दोस्त थे और अक्सर साथ में शराब पीते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंगलवार देर रात दोनों जरीपटका इलाके में एक खाली पड़े मकान में शराब पीने गए थे। इसके कुछ घंटों बाद बुधवार सुबह प्रियांशु क्षत्रिय घायल अवस्था में मिले, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

