जोधपुर , 20 जनवरी। Cancer Awareness : स्कूल वह जगह होती है, जहां एक ही यूनिफॉर्म में सभी बच्चे समान होते हैं और उन्हें एकता, संवेदना व समानता का पाठ पढ़ाया जाता है। राजस्थान के जोधपुर जिले से सामने आई एक घटना ने इसी भावना को साकार कर दिखाया है, जहां कैंसर से जूझ रही एक छात्रा का मनोबल बढ़ाने के लिए उसकी पूरी कक्षा के बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों ने भी अपने सिर मुंडवा लिए।
जानकारी के अनुसार, कैंसर पीड़ित बच्ची की कीमोथेरेपी के कारण उसके सिर के बाल झड़ गए थे, जिससे वह काफी परेशान और उदास रहने लगी थी। बच्ची को अकेलापन महसूस न हो और उसका आत्मविश्वास बना रहे, इसी उद्देश्य से उसके सहपाठियों ने एकजुट होकर अपने सिर के बाल मुंडवाने का निर्णय लिया। इस मानवीय पहल में शिक्षकों ने भी बच्चों का साथ दिया और उन्होंने भी सिर मुंडवा लिए।
इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूल के छात्र-छात्राएं और शिक्षक सभी सिर मुंडवाए हुए एक साथ स्कूल परिसर से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस पहल की जमकर सराहना कर रहे हैं और इसे इंसानियत, करुणा और आत्मीयता की मिसाल बता रहे हैं।
हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह वीडियो जोधपुर के किस स्कूल का है, लेकिन इस घटना ने यह जरूर साबित कर दिया है कि बच्चों के दिल कितने बड़े होते हैं और सही मार्गदर्शन मिलने पर वे समाज को सकारात्मक संदेश देने में भी आगे रहते हैं।

