लखनऊ, 30 जनवरी। Model Suicide : राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर इलाके में बुधवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पति के मजाक से आहत होकर पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतका की पहचान तनु सिंह के रूप में हुई है, जो सआदतगंज लकड़मंडी की रहने वाली थीं। तनु की शादी करीब चार साल पहले राहुल श्रीवास्तव से हुई थी, जो पेशे से ऑटो चालक हैं। दोनों इंदिरा नगर में साथ रह रहे थे।
परिवार के मुताबिक, बुधवार शाम वे सीतापुर से एक रिश्तेदार के घर से लौटे थे। घर पहुंचने के बाद सभी लोग हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी दौरान राहुल ने मजाक में तनु को ‘बंदरिया’ कह दिया, जिससे तनु नाराज होकर कमरे में चली गई।
करीब एक घंटे बाद जब खाने के लिए आवाज दी गई, तो कमरे से कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांकने पर देखा गया कि तनु कपड़े के फंदे से लटकी हुई थीं। शोर सुनकर राहुल और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोड़कर उन्हें फंदे से उतारा गया और राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका की बहन अंजली ने बताया कि तनु को मॉडलिंग का शौक था और वह इसे लेकर काफी संवेदनशील थीं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है, और मामले की जांच जारी है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
जांच अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि आत्महत्या का कारण पारिवारिक विवाद या मजाक में कही गई कोई बात थी। परिवार की तरफ से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। कोई शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तनु का परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने बताया कि तनु को मॉडलिंग का बहुत शौक था।

