रायगढ़, 11 मई। BJP EX Councillor Arrested : रायगढ़ जिले में भाजपा के एक निष्कासित पार्षद पर युवक को दुष्कर्म मामले में फंसाने की धमकी देकर 40 हजार रुपए मांगने का सनसनीखेज आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरा मामला घरघोडा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक-10 निवासी साहिल यादव ने वार्ड क्रमांक-2 के निष्कासित भाजपा पार्षद श्याम भोजवानी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में साहिल ने बताया कि उसका पिछले कई वर्षों से धरमजयगढ़ क्षेत्र की एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। हाल ही में दोनों के बीच विवाद होने के बाद युवती थाने पहुंची थी, जहां आपसी समझौते के बाद मामला शांत हो गया।
युवक और मां को धमकाकर मांगे रुपए
आरोप है कि इसके बाद श्याम भोजवानी ने युवक और उसके परिवार को धमकाते हुए कहा कि मामला खत्म कराने के लिए 50 हजार रुपए देने होंगे, वरना दुष्कर्म केस में जेल भेज दिया जाएगा। आर्थिक स्थिति खराब होने की बात कहने पर आरोपी ने 40 हजार रुपए में ‘काम करा देने’ की बात कही और लगातार रकम के लिए दबाव बनाता रहा।
पीड़ित युवक ने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार मोबाइल कॉल कर उसे और उसकी मां को धमका रहा था। परेशान होकर उसने पुलिस से शिकायत की। जांच के दौरान पुलिस को रुपए मांगने से जुड़ी मोबाइल ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली, जिसे साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया।
SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून और पुलिस का डर (BJP EX Councillor Arrested) दिखाकर वसूली करना गंभीर अपराध है। उन्होंने साफ कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

