हरियाणा, 12 मई। Family Dispute Suicide : हरियाणा के पानीपत में बहू के पहनावे और पारिवारिक विवाद से परेशान सास-ससुर ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बहू और उसके माता-पिता पर केस दर्ज किया।
पानीपत से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां बहू से लगातार विवाद और मानसिक तनाव के चलते एक दंपती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृतकों की पहचान राजेश और उनकी पत्नी सुमन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों अपने बेटे की पत्नी के पहनावे और व्यवहार को लेकर परेशान थे।
पहनावे और रील्स को लेकर होता था विवाद

परिजनों के मुताबिक बहू स्नेहा दिल्ली के मॉडर्न माहौल में पली-बढ़ी थी और शादी के बाद गांव की जीवनशैली अपनाने को तैयार नहीं थी। उसके पहनावे और सोशल मीडिया रील्स बनाने को लेकर सास-ससुर अक्सर टोका-टाकी करते थे। इसी बात को लेकर घर में रोज विवाद होने लगा।
परिवार का आरोप है कि बहू कई बार सास के साथ बदसलूकी और मारपीट भी करती थी, जबकि बेटा हमेशा पत्नी का ही पक्ष लेता था। इससे राजेश और सुमन मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगे थे।
जहर खाने के बाद बिगड़ी हालत
बताया जा रहा है कि शनिवार को घर में फिर विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों ने सल्फास खा लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां सुमन को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं राजेश ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
जानकारी के अनुसार बेटे आशीष की मुलाकात स्नेहा से फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोनों करीब दो साल रिलेशनशिप में रहे, जिसके बाद जनवरी 2025 में परिवार की सहमति से शादी हुई थी।
बहू और उसके माता-पिता पर केस दर्ज
मतलौडा थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत (Family Dispute Suicide) पर बहू स्नेहा और उसके माता-पिता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


