रायपुर, 02 जून। New Posting : राजधानी रायपुर के पुलिस कमिश्नरेट में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। बेसिक प्रशिक्षण पूरा कर चुके 60 नए उप निरीक्षकों (SI) को अब विभिन्न थानों में व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए तैनात किया गया है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी आदेश के मुताबिक इन नए उप निरीक्षकों को शहर के अलग-अलग थानों में भेजकर जमीनी पुलिसिंग का अनुभव कराया जाएगा।
बड़े और व्यस्त थानों में ज्यादा तैनाती
प्रशिक्षण के तहत कोतवाली, सिविल लाइन, गोलबाजार, खमतराई, खम्हारडीह, कबीर नगर, टिकरापारा, पंडरी, पुरानी बस्ती, राजेंद्र नगर, डीडी नगर, उरला, तेलीबांधा, आमानाका, आजाद चौक और गंज थाना जैसे व्यस्त थानों में तीन-तीन उप निरीक्षकों की तैनाती की गई है।
इन थानों को प्राथमिकता इसलिए दी गई क्योंकि यहां अपराध और जनसंख्या का दबाव ज्यादा रहता है। वहीं गुढ़ियारी, मुजगहन, सरस्वती नगर और देवेंद्र नगर थानों में दो-दो SI को भेजा गया है।
अपराध जांच से लेकर जनता से संवाद तक सीखेंगे नए SI
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह प्रशिक्षण चरण नए उप निरीक्षकों के लिए बेहद अहम होगा। इस दौरान उन्हें अनुभवी थाना प्रभारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ काम करने का मौका मिलेगा।
नए SI अपराध जांच, साक्ष्य संकलन, गिरफ्तारी प्रक्रिया, शिकायत निपटान, कानून व्यवस्था नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और जनता से संवाद जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को व्यवहारिक रूप से समझेंगे। रायपुर पुलिस का मानना है कि इससे थानों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा मिल (New Posting) सकेगी।




