Rahul Gandhi Raipur Visit : राहुल गांधी और भाजपा सांसद आमने-सामने…! नमस्कार हुआ…लेकिन बातचीत क्यों नहीं..? कभी एक ही दल में थे साथ

Rahul Gandhi Raipur Visit : राहुल गांधी और भाजपा सांसद आमने-सामने…! नमस्कार हुआ…लेकिन बातचीत क्यों नहीं..? कभी एक ही दल में थे साथ

रायपुर, 22 जून। Rahul Gandhi Raipur Visit : रायपुर एयरपोर्ट पर रविवार को छत्तीसगढ़ की बदलती राजनीतिक तस्वीर की एक दिलचस्प झलक देखने को मिली। कभी कांग्रेस के मंच साझा करने वाले राहुल गांधी और अब भाजपा सांसद बन चुके चिंतामणि महाराज एक ही वेटिंग हॉल में आमने-सामने बैठे नजर आए। शिष्टाचार के तहत नमस्कार और मुस्कान का आदान-प्रदान हुआ, लेकिन राजनीतिक दूरियों की तरह बातचीत का सिलसिला शुरू नहीं हो सका।

राहुल गांधी कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के बाद दिल्ली लौट रहे थे, जबकि सरगुजा से भाजपा सांसद चिंतामणि महाराज संसदीय समिति की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना होने एयरपोर्ट पहुंचे थे।

बताया जाता है कि चेक-इन से पहले चिंतामणि महाराज वेटिंग हॉल में बैठे थे। इसी दौरान राहुल गांधी वहां पहुंचे। चिंतामणि महाराज ने उन्हें देखकर नमस्कार किया, जिसका राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया। दोनों कुछ देर तक पास-पास बैठे रहे, लेकिन कोई बातचीत नहीं हुई।

गौरतलब है कि चिंतामणि महाराज कभी कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं और पार्टी के टिकट पर दो बार विधायक निर्वाचित हुए थे। विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया था। ऐसे में एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं की यह मुलाकात राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है।

चिंतामणि महाराज ने बताया कि वे संसदीय समिति की बैठक में शामिल होने दिल्ली जा रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पहुंचने पर दोनों ने एक-दूसरे का अभिवादन किया और चेक-इन तक कुछ समय वेटिंग हॉल में मौजूद रहे, लेकिन किसी विषय पर चर्चा नहीं हुई।

About The Author

छत्तीसगढ राजनीति