ग्वालियर, 24 जून। Late Night Liquor Sale : ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र में निर्धारित समय सीमा के बाद भी शराब बिक्री का मामला सामने आया है। शराब दुकान के शटर में बनी खिड़की से रात करीब 12:30 बजे तक शराब बेचे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, शराब खरीदने पहुंचे लोगों की दुकान के बाहर लंबी कतार लगी हुई थी। गश्त के दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले लोगों को समझाइश देकर हटाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ नहीं मानी। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठी फटकारकर लोगों को मौके से खदेड़ दिया।
हालांकि, पुलिस के वहां से हटते ही शराब लेने वालों की भीड़ फिर जुट गई। दूसरी बार पहुंची पुलिस ने दोबारा कार्रवाई की, जिसके बाद दुकान कर्मचारियों ने आनन-फानन में खिड़की बंद कर दी।
इस घटना के बाद आबकारी विभाग की निगरानी और कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्धारित समय के बाद भी शराब बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है, जबकि शटर में बनी खिड़की को लेकर भी विभाग स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहा है।

