भिलाई नगर, 23 जुलाई। Accident on Central Avenue : इस्पात नगरी भिलाई में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक सेक्टर-6 के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसा सुबह करीब 4 बजे सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर गुंडिचा मंडप के सामने हुआ।
जानकारी के अनुसार, CG 07 MB 5986 नंबर की कार सेक्टर-9 से सेक्टर-6 की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मॉर्च्युरी में रखवा दिया है।
प्रारंभिक जांच में कार से शराब की बोतलें और नमकीन बरामद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, हादसे का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। भिलाई नगर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

