चमोली/उत्तराखंड, 13 अगस्त। Chamoli Tunnel Accident : उत्तराखंड के चमोली जिले के मायापुर पीपलकोटी में THDC की निर्माणाधीन टनल में गुरुवार शाम अचानक मलबा और पानी भर जाने से बड़ा हादसा हो गया। घटना के वक्त टनल के अंदर काम कर रहे करीब 20 मजदूर फंस गए। हादसा शाम करीब 7:05 बजे हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF, NDRF, ITBP, सेना और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रात करीब 8:30 बजे तक 16 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जबकि बाकी फंसे मजदूरों की तलाश और सुरक्षित रेस्क्यू के लिए अभियान जारी था।
टनल में मलबा-पानी भरने से मचा हड़कंप
बताया गया कि निर्माणाधीन टनल में अचानक मलबा और पानी भर गया, जिसके बाद अंदर काम कर रहे मजदूरों के फंसने की सूचना मिली। राहत एवं बचाव दल टनल के अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। रेस्क्यू किए गए मजदूरों में घायलों को उपचार के लिए गोपेश्वर जिला अस्पताल भेजा गया है।
SDRF-NDRF समेत कई एजेंसियां मौके पर
बचाव अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF, NDRF, ITBP और सेना समेत विभिन्न टीमें जुटी हुई हैं। जिलाधिकारी गौरव कुमार भी घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। फंसे मजदूरों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीमों द्वारा युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है।
CM धामी ने लिया हालात का जायजा
हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिंता जताते हुए राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वह अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

