जशपुर, 14 अगस्त। Minor Girl Rape : जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली और शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 7 साल के मासूम के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस घिनौनी वारदात के बाद पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगाने थाने पहुँचा, लेकिन पुलिसिया सिस्टम की लाचारी के कारण उन्हें 24 घंटे तक भटकना पड़ा।
महिला विवेचक न होने से बढ़ी परेशानी
कांसाबेल थाने में महिला अधिकारी/कर्मचारी पदस्थ न होने के कारण पीड़ित परिवार को समय पर सहायता मिलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। संवेदनशीलता के इस मामले में कानूनन महिला विवेचक का होना अनिवार्य होता है, लेकिन व्यवस्था की कमी के कारण पीड़ित परिवार घंटों परेशान होता रहा।
कांसाबेल TI की मानवता आई सामने
जहाँ एक तरफ सिस्टम की कमी खली, वहीं दूसरी तरफ कांसाबेल थाना प्रभारी (TI) का मानवीय चेहरा देखने को मिला। मामले की गंभीरता को समझते हुए TI ने दरियादिली दिखाई और खुद की निजी गाड़ी भेजकर पीड़ित परिवार को सुरक्षित लाने और ले जाने का प्रबंध किया।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। स्थानीय लोगों ने थाने में स्थायी रूप से महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की माँग की है ताकि भविष्य में किसी पीड़ित को ऐसी लाचारी का सामना न करना पड़े।

