Youth Congress Elections: युवक कांग्रेस चुनाव में किसका चलेगा सिक्का? 17 दावेदार मैदान में, बड़े नेताओं ने संभाला प्रचार; ट्रांसजेंडर कोटे की 2 सीटों पर एक भी नामांकन नहीं, 30 अगस्त से वोटिंग

Youth Congress Elections: युवक कांग्रेस चुनाव में किसका चलेगा सिक्का? 17 दावेदार मैदान में, बड़े नेताओं ने संभाला प्रचार; ट्रांसजेंडर कोटे की 2 सीटों पर एक भी नामांकन नहीं, 30 अगस्त से वोटिंग

रायपुर, 22 अगस्त। Youth Congress Elections: छत्तीसगढ़ में युवक कांग्रेस चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। 30 अगस्त से 29 सितंबर तक ऑनलाइन मतदान कराया जाएगा। अनुमान है कि प्रदेशभर में 10 लाख से अधिक युवा प्रदेश अध्यक्ष सहित युवक कांग्रेस के विभिन्न पदों के लिए वोट करेंगे। चुनाव में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि ट्रांसजेंडर वर्ग के लिए आरक्षित प्रदेश उपाध्यक्ष और महासचिव के एक-एक पद पर किसी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।

नामांकन पर विवाद, कई दावेदारों के आवेदन होल्ड

युवक कांग्रेस चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन में हलचल बढ़ गई है। नामांकन और उससे जुड़े विवादों पर सुनवाई पूरी हो चुकी है। युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव स्मृति रंजन लेंका ने राजीव भवन में दावेदारों की शिकायतों की सुनवाई की। अब चुनाव प्रभारी इन शिकायतों पर फैसला करेंगे। कई दावेदारों के नामांकन फिलहाल होल्ड पर रखे गए हैं। इनमें प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदार गुलजेर अहमद भी शामिल हैं। वहीं महासचिव पद के पांच दावेदारों के नामांकन भी होल्ड पर हैं। इन पर 25-26 अगस्त तक फैसला आने की उम्मीद है।

एक सदस्य डालेगा 6 वोट

युवक कांग्रेस का पूरा चुनाव ऑनलाइन होगा। 18 से 35 वर्ष की आयु के सदस्य मतदान कर सकेंगे। एक सदस्य कुल छह वोट डाल सकेगा। इनमें प्रदेश अध्यक्ष, महासचिव, जिला अध्यक्ष, जिला महासचिव और ब्लॉक अध्यक्ष के प्रत्याशियों के लिए मतदान शामिल है। 30 अगस्त से 29 सितंबर तक मतदान के बाद मतगणना की जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष पद पर 17 दावेदार

प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कुल 17 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें शैलेन्द्र बंजारे, सत्येन्द्र चेलक, प्रशांत बोकड़े, जसमीत शर्मा, हनी बग्गा और सजल चंद्राकर प्रमुख नाम हैं। चुनाव में दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रत्याशी को उपाध्यक्ष बनाया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष समेत कुल 12 उपाध्यक्ष होंगे। इनमें पिछड़ा वर्ग, महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक वर्ग के लिए पद आरक्षित हैं।

बड़े नेताओं के समर्थन से चुनाव हुआ दिलचस्प

चुनाव की घोषणा से पहले ही प्रत्याशियों ने प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया था। शैलेन्द्र बंजारे के समर्थन में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव और निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के प्रचार करने की बात सामने आई है। शैलेन्द्र को कई विधायकों का समर्थन मिलने का दावा भी किया जा रहा है। वहीं सत्येंद्र चेलक के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थकों के प्रचार करने की चर्चा है। चेलक को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कोको पाढ़ी का समर्थन मिलने की बात भी कही जा रही है।

प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य पदों के प्रत्याशी लगातार कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर समर्थन जुटाने में लगे हैं। 30 अगस्त से मतदान शुरू होने के साथ ही युवक कांग्रेस चुनाव की सियासी गहमागहमी और तेज होने के आसार हैं।

About The Author

छत्तीसगढ राजनीति