रायपुर, 24 सितंबर। Raipur Padayatra Week 2026: रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 25 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले पदयात्रा सप्ताह की तैयारियां तेज हो गई हैं। अभियान को लेकर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने तेलीबांधा पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विधायक मिश्रा ने मौके पर संबंधित अधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा कर कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
नशामुक्ति और जनजागरूकता पर रहेगा जोर
पदयात्रा सप्ताह के दौरान नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही आम नागरिकों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने पर भी जोर रहेगा।
आयोजकों के अनुसार, पदयात्रा 25 सितंबर को तेलीबांधा से शुरू होगी और 2 अक्टूबर को इसका समापन प्रस्तावित है। 25 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा शुभारंभ किए जाने की जानकारी दी गई है।
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से तैयारियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पदयात्रा के माध्यम से सेवा, जनसरोकार और सामाजिक जागरूकता का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

