सरगुजा, 01 अक्टूबर। Surguja Newborn Baby: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के दरिमा क्षेत्र में खुले खेत में असहाय अवस्था में मिली नवजात बच्ची के मामले में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने तत्काल संज्ञान लिया है। बच्ची की खबर सामने आते ही मंत्री ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CHMO) से फोन पर चर्चा कर उसके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नवजात के बेहतर इलाज के साथ उसकी सुरक्षित देखरेख और संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नवजात के इलाज में लापरवाही नहीं हो- मंत्री
मंत्री राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों से कहा कि इतनी छोटी बच्ची के उपचार और देखभाल में किसी भी स्तर पर कमी नहीं होनी चाहिए। नवजात को लगातार चिकित्सकीय निगरानी में रखने और जरूरत के अनुसार हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने यह भी कहा कि बच्ची की सुरक्षा और आगे के संरक्षण को लेकर संबंधित विभाग आपसी समन्वय से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बोले- मासूम का जीवन और सुरक्षा सर्वोपरि
घटना पर चिंता जताते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि नवजात बच्ची का इस तरह असहाय अवस्था में मिलना बेहद पीड़ादायक है। इस समय सबसे महत्वपूर्ण उसका जीवन, स्वास्थ्य और सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि बच्ची को बेहतर उपचार के साथ सुरक्षित वातावरण और भविष्य के लिए आवश्यक संरक्षण मिलना चाहिए। स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के साथ चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार सभी जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंची बच्ची
दरिमा क्षेत्र में खेत के पास नवजात बच्ची मिलने की जानकारी के बाद ग्रामीणों की मदद से उसे उपचार के लिए पहुंचाया गया। फिलहाल बच्ची को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। प्रशासन और संबंधित विभाग उसके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को लेकर आवश्यक समन्वय बनाए हुए हैं।
मंत्री ने बच्ची के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि यह नन्ही बच्ची जल्द स्वस्थ हो और उसके जीवन में खुशियों की नई सुबह आए। उन्होंने कहा कि मासूम को उपचार के साथ सुरक्षा, संरक्षण और आगे बढ़ने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

