Prasad Hospital Fire : प्रसाद हॉस्पिटल में भीषण आग…! 10 मरीजों की जिंदा जलकर मौत की आशंका…राहत-बचाव में जुटीं एक दर्जन दमकल गाड़ियां…ICU में लगी आग

Prasad Hospital Fire : प्रसाद हॉस्पिटल में भीषण आग…! 10 मरीजों की जिंदा जलकर मौत की आशंका…राहत-बचाव में जुटीं एक दर्जन दमकल गाड़ियां…ICU में लगी आग

मुजफ्फरपुर, 04 मई। Prasad Hospital Fire : बिहार के मुजफ्फरपुर से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक खबर सामने आई है। शहर के ब्रह्मपुरा इलाके स्थित प्रसिद्ध प्रसाद हॉस्पिटल में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटों और धुएं ने देखते ही देखते अस्पताल के ICU को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय अस्पताल में भर्ती दो दर्जन से अधिक मरीज प्रभावित हुए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 10 मरीजों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

सुबह 3 बजे मिली आग लगने की सूचना

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 3 बजे अस्पताल में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की लगभग एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

अग्निशमन पदाधिकारी आरएन पाण्डेय ने बताया कि जब टीम मौके पर पहुंची तो ICU वार्ड घने काले धुएं से भरा हुआ था। हालात इतने गंभीर थे कि मरीजों तक पहुंचने के लिए दमकल कर्मियों को खिड़कियां और दरवाजे तोड़ने पड़े।

20 से ज्यादा मरीजों का रेस्क्यू

दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ICU और अन्य वार्डों में फंसे मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 से अधिक मरीजों को रेस्क्यू कर शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

पांचवें फ्लोर पर था ICU, बचाव कार्य में आई मुश्किलें

जानकारी के मुताबिक अस्पताल का ICU पांचवें फ्लोर पर स्थित है, जबकि वेटिंग हॉल चौथे फ्लोर पर था। ऊपरी मंजिलों में धुआं तेजी से भर जाने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

मौके पर पहुंचे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत कार्यों की निगरानी की और घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए दूसरे अस्पतालों में भेजा गया।

मृतकों और घायलों की पहचान जारी

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले मरीजों (Prasad Hospital Fire) और गंभीर रूप से घायल लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन आग से हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग और मरीजों के परिजन अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में जुटे हुए हैं।

About The Author

ब्रेकिंग न्यूज़ राष्ट्रीय