रायपुर, 13 जून। Text Book Distribution : छत्तीसगढ़ में 16 जून से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र से पहले पाठ्यपुस्तकों को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। लंबे इंतजार के बाद छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम ने राज्य के 7,890 निजी स्कूलों के लिए कक्षा 1 से 10वीं तक की हिंदी और अंग्रेजी माध्यम की पुस्तकों के वितरण का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है।
राज्यभर में करीब 55 लाख पाठ्यपुस्तकों का वितरण 23 जून से 13 जुलाई तक किया जाएगा। पाठ्यपुस्तक निगम के अनुसार वितरण कार्य 12 स्थायी एवं अस्थायी डिपो के माध्यम से जिला और विकासखंडवार कार्ययोजना के तहत किया जाएगा। रायपुर जिले के 947 निजी स्कूलों को 25 जून से 12 जुलाई तक किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी।
रायपुर बुक डिपो से रायपुर और बलौदाबाजार जिले के कुल 1,201 निजी स्कूलों को पुस्तकें वितरित होंगी। वहीं, सेजेस सरोना डिपो से धमतरी और बेमेतरा जिले के 417 स्कूलों को तथा लालपुर अस्थायी डिपो से महासमुंद और गरियाबंद जिले के 356 स्कूलों को किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी। इन डिपो में वितरण कार्य 25 जून से 4 जुलाई तक चलेगा।
पाठ्यपुस्तक निगम ने स्कूल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित तिथि पर प्रतिनिधि या प्राचार्य पुस्तकें लेने नहीं पहुंचते हैं तो संबंधित डिपो की पूरी कार्ययोजना समाप्त होने के बाद ही उन्हें किताबें मिल सकेंगी।
इसके अलावा वितरण प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने के लिए टोकन व्यवस्था भी लागू की गई है। यदि किसी कारणवश तय तारीख पर पुस्तकें नहीं मिल पाती हैं तो डिपो प्रभारी विद्यालय को टोकन नंबर जारी करेगा और अगले दिन प्राथमिकता के आधार पर पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिक्षा विभाग और पाठ्यपुस्तक निगम का दावा है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी निजी विद्यालयों तक किताबें पहुंचाने की व्यवस्था कर ली गई है, ताकि नए सत्र में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
फोकस पॉइंट्स
7,890 निजी स्कूलों को मिलेगा लाभ
55 लाख पाठ्यपुस्तकों का वितरण
23 जून से 13 जुलाई तक चलेगा अभियान
12 डिपो से होगी सप्लाई
टोकन सिस्टम भी लागू
तय तारीख पर नहीं पहुंचे तो करना होगा इंतजार
कहां-कहां से बंटेंगी किताबें?
राज्य के निजी स्कूलों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण 12 स्थायी और अस्थायी डिपो के माध्यम से किया जाएगा।
6 स्थायी पुस्तक भंडार:
रायपुर
राजनांदगांव
जगदलपुर
बिलासपुर
रायगढ़
अंबिकापुर
6 अस्थायी डिपो:
रायपुर सेजेस लालपुर
रायपुर सेजेस सरोना
बिलासपुर हायर सेकेंडरी स्कूल भरनी
दुर्ग
जिला ग्रंथालय परिसर बलरामपुर
कांकेर हाईस्कूल माकड़ीखूना

