मुरैना/मध्य प्रदेश, 14 जून। Morena Train Accident : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की झूठी अफवाह फैलने के बाद घबराए यात्रियों ने ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक पर दौड़ लगा दी। इसी दौरान दूसरी पटरी पर तेज रफ्तार से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हादसा हेतमपुर रेलवे स्टेशन के पास हुआ। ट्रेन में अचानक किसी ने आग लगने की बात फैला दी। अफवाह सुनते ही यात्रियों में भगदड़ मच गई और कई लोग बिना स्थिति की पुष्टि किए ट्रेन से नीचे उतर गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक पर उतरे यात्रियों को इस बात का अंदाजा नहीं था कि बगल की लाइन पर पातालकोट एक्सप्रेस तेज गति से गुजर रही है। देखते ही देखते कई लोग ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में एक परिवार के चार सदस्यों के फंसने की भी सूचना सामने आई है।
एक महिला यात्री ने बताया कि किसी व्यक्ति ने अचानक चेन पुलिंग कर दी और “आग लग गई” चिल्लाने लगा। इसके बाद यात्री घबराकर ट्रेन से उतरने लगे। इसी दौरान दूसरी पटरी पर आ रही ट्रेन ने कई लोगों को टक्कर मार दी।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। वहीं, रेलवे अब इस बात की जांच कर रहा है कि आग लगने की अफवाह कैसे फैली और इसके पीछे कोई साजिश थी या महज गलतफहमी। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में अफवाहों पर विश्वास न करें और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।

