रायपुर, 15 जून। WhatsApp Business Scam : राजधानी रायपुर में शक्कर कारोबार से जुड़ी एक बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि रायगढ़ के एक पिता-पुत्र ने खुद को बड़े कारोबारी के रूप में पेश कर शक्कर व्यापारियों से 2 करोड़ रुपये से अधिक की शक्कर उधार में मंगाई और भुगतान किए बिना फरार हो गए। मामले में खमतराई थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ निवासी राजेश कुमार अग्रवाल और उनके पुत्र शैलेष अग्रवाल पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि दोनों ने व्यापारियों का विश्वास जीतने के लिए एक WhatsApp ग्रुप बनाया और खुद को बड़े स्तर का कारोबारी बताते हुए कई व्यापारियों से संपर्क किया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने रायपुर के रामसागरपारा स्थित एक होटल में बैठक आयोजित कर व्यापारियों को अपने व्यापार और नेटवर्क के बारे में भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग कारोबारियों से बड़ी मात्रा में शक्कर उधार में मंगवाई।
व्यापारियों का आरोप है कि माल की सप्लाई लेने के बाद आरोपियों ने भुगतान टालना शुरू कर दिया और बाद में संपर्क से बचने लगे। जब बकाया राशि लगातार बढ़ती गई और भुगतान नहीं हुआ तो पीड़ित कारोबारियों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
शिकायत के आधार पर खमतराई थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में ठगी की रकम 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस अब लेन-देन, बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं इस ठगी का शिकार अन्य व्यापारी भी तो नहीं हुए हैं। जांच के बाद ठगी की राशि और पीड़ितों की संख्या बढ़ने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

