दांबुला, 17 जून। Dambulla Match Controversy : भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच 15 जून को खेले गए रोमांचक त्रिकोणीय सीरीज मुकाबले के बाद मैदान पर हुए विवाद को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। मैच रेफरी ने श्रीलंका-ए के खिलाड़ी विशेन हलम्बगे और भारत-ए के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर जुर्माना लगाया है। दोनों खिलाड़ियों की 50 प्रतिशत मैच फीस काटी गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैच रेफरी प्रदीप जेयप्रकाश ने विशेन हलम्बगे को वैभव सूर्यवंशी को उकसाने और मैदान पर तनाव बढ़ाने का दोषी पाया। वहीं घटना में शामिल होने के कारण वैभव सूर्यवंशी पर भी समान कार्रवाई की गई।
इसके अलावा भारत-ए के कप्तान तिलक वर्मा पर 30 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है, जबकि श्रीलंका-ए के विकेटकीपर निरोशन डिकवेला की 20 प्रतिशत मैच फीस काटी गई है।
सुपर ओवर के बाद बढ़ा विवाद
यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब सुपर ओवर में रोमांचक जीत के बाद श्रीलंका-ए के खिलाड़ियों और भारत-ए के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया और मैदान पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। भारत-ए को यह मुकाबला सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच माहौल गर्म हो गया।
कोच ने किया वैभव का बचाव
भारत-ए के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बचाव करते हुए कहा कि युवा खिलाड़ी ऐसी घटनाओं से सीखते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि श्रीलंकाई खिलाड़ियों को मैदान पर व्यवहार और खेल भावना को लेकर बेहतर प्रशिक्षण दिए जाने की आवश्यकता है।
बल्ले से अब तक नहीं चला वैभव का जादू
त्रिकोणीय सीरीज में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन अब तक उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। 15 वर्षीय बल्लेबाज ने 4 मुकाबलों में केवल 117 रन बनाए हैं। ऐसे में उन पर आगामी मैचों में बेहतर प्रदर्शन करने का दबाव भी रहेगा।

