मुरैना, 27 जून। Triple Murder-Suicide : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। माता बसैया थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक, किशनपुर निवासी बलराम कुशवाह का अपनी पत्नी रविता (30) से लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद के चलते रविता मायके कुतवार गांव में रह रही थी। पंचायत के बाद दो दिन पहले ही उसे ससुराल वापस लाया गया था।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर बलराम ने पत्नी रविता और अपने दो बेटों आरव (10) व अतुल (7) पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने घर का दरवाजा नहीं खुलने पर देखा तो आंगन में तीनों के खून से लथपथ शव पड़े मिले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
इसी दौरान जानकारी मिली कि शिकारपुर फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर बलराम का शव मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

पत्नी के डांस वीडियो को लेकर था नाराज
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बलराम बेंगलुरू में मार्बल घिसाई का काम करता था। एक माह पहले ही गांव लौटा था। उसकी पत्नी रविता ने एक माह पहले गांव की श्रीमद् भागवत कथा में डांस किया था, जिसका वीडियो गांव के कुछ लड़कों ने बनाकर बलराम को वॉट्सएप कर दिया था। इससे बलराम नाराज था। दोनों के बीच एक माह से विवाद चल रहा था। कुछ दिनों के लिए रविता मायके भी रहने चली गई थी। तीन दिन पहले ही लौटी थी। बताया जा रहा है कि बलराम रविता के बाजार जाने पर भी नाखुश रहता था।

