तुमकुरु, 28 जून। Ex Girlfriend Kidnapping : कर्नाटक के तुमकुरु जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। ब्रेकअप से नाराज एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पूर्व प्रेमिका का अपहरण कर लिया, उसे जान से मारने की धमकी दी और रास्ते में चाकू से हमला भी किया। महिला किसी तरह चलती कार से बाहर निकलने में सफल रही। इसके कुछ ही पल बाद कार में जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई, जिसमें युवक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नागेंद्र (30) के रूप में हुई है। वह बेंगलुरु का रहने वाला था। घायल महिला बेंगलुरु के एक अस्पताल में ओटी टेक्नीशियन है। घटना में कैब चालक भी घायल हुआ है और दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पहले रिलेशनशिप में थे, लेकिन हाल ही में उनका ब्रेकअप हो गया था। महिला द्वारा नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद आरोपी कथित तौर पर उसके घर पहुंचा और जबरन कैब में बैठाकर ले गया। रास्ते में उसने महिला को कथित रूप से धमकी दी कि पहले उसे मार देगा और फिर खुद की जान ले लेगा।
जोगिहल्ली के पास कैब रुकने पर महिला बाहर निकलने में सफल रही। इसके तुरंत बाद कार में विस्फोट हुआ और आग लग गई। नागेंद्र बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से विस्फोटक जैसी सामग्री मिलने की आशंका है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमाका किस कारण हुआ और किस तरह का विस्फोटक इस्तेमाल (Ex-Girlfriend Kidnapping) किया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस अपहरण, हमले और विस्फोट से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। विस्फोट की वजह और इस्तेमाल की गई सामग्री को लेकर अंतिम निष्कर्ष फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।


