रायपुर, 28 जून। Congress Training Camp : कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर के आठवें दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का संदेश दिया।
उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्षों से कहा कि वे संगठन की ताकत का प्रभावी उपयोग करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आक्रामक तरीके से जनता की लड़ाई लड़ें। भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी जिला अध्यक्षों को सौंपी है। ऐसे में संगठन की शक्ति का उपयोग करते हुए जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाना होगा।
जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान
उन्होंने अपने संबोधन में कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल की योजनाओं, पार्टी की विचारधारा, इतिहास और देश के विकास में कांग्रेस के योगदान पर विस्तार से चर्चा की। प्रशिक्षण शिविर में अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह और अल्पसंख्यक विभाग के अमीन मेमन ने आदिवासी अधिकार, अल्पसंख्यक कल्याण तथा जल, जंगल और जमीन से जुड़े विषयों पर व्याख्यान दिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत प्रशिक्षण शिविर के सभी सत्रों में लगातार शामिल हो रहे हैं और रात्रि विश्राम भी प्रशिक्षण स्थल पर ही कर रहे हैं। राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव की देखरेख में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित हो रहा है। वहीं प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, व्यवस्था समिति के सदस्य और सेवादल के स्वयंसेवक शिविर की व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। प्रशिक्षण के नौवें दिन जिला अध्यक्ष लखना गांव में श्रमदान करेंगे, जबकि 29 जून को दसवें दिन प्रशिक्षण शिविर का समापन होगा।


