रायपुर, 30 जून। Satish Thaurani Birthday : जन्मदिन सिर्फ जश्न का नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी हो सकता है। इसका उदाहरण छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के जन्मदिन पर देखने को मिला, जहां उत्सव के साथ-साथ सेवा और सामाजिक सरोकार के कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
चेम्बर भवन, बाम्बे मार्केट में आयोजित समारोह में व्यापारियों ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और भव्य स्वागत के बीच श्री थौरानी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही रामकृष्ण केयर अस्पताल के सहयोग से जीएसटी विभाग के 1000 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चलने वाले निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का शुभारंभ किया गया।
समारोह का सबसे भावुक पल तब आया, जब ‘अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल’ के विशेष बच्चों के बीच एजुकेशनल किट वितरित की गई। बच्चों ने तालियों और मुस्कान के साथ श्री थौरानी का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन बच्चों की सच्ची मुस्कान और आशीर्वाद ही उनके जीवन का सबसे बड़ा जन्मदिन उपहार है।
कार्यक्रम में चेम्बर के पदाधिकारियों, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं और बड़ी संख्या में व्यापारियों ने उपस्थित होकर श्री थौरानी को शुभकामनाएं दीं।

