गरियाबंद, 06 जुलाई। Garbage Pit Accident : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोपरा नगर पंचायत में पानी से भरे कचरा गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है, जबकि स्थानीय लोग नगर पंचायत की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, योगेश और सुमन साहू (दोनों की उम्र करीब 5 से 6 वर्ष) खेलते-खेलते कचरा डालने के लिए बनाए गए गहरे गड्ढे के पास पहुंच गए। आशंका है कि दोनों बच्चे 10 से 12 फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे में गिर गए, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि होगी।
हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि गहरे गड्ढे के चारों ओर सुरक्षा इंतजाम किए गए होते, तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। अब ग्रामीण जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई और ऐसे स्थानों पर सुरक्षा घेराबंदी की मांग कर रहे हैं।फिलहाल डूबने की आशंका के आधार पर जांच की जा रही है। मौत के कारण की अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।

