नई दिल्ली, 24 जुलाई। Jindal Steel : उद्योगपति नवीन जिन्दल के नेतृत्व वाली जिंदल स्टील लिमिटेड ने अपने शीर्ष प्रबंधन में बड़ा बदलाव करते हुए कई महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा की है। 24 जुलाई 2026 को आयोजित निदेशक मंडल की बैठक में लिए गए फैसलों के तहत विद्या रतन शर्मा को दो वर्ष की अवधि के लिए अतिरिक्त निदेशक एवं प्रबंध निदेशक (Managing Director) नियुक्त किया गया है।
विद्या रतन शर्मा की हुई वापसी
स्टील उद्योग के अनुभवी विशेषज्ञ विद्या रतन शर्मा इससे पहले वर्ष 2019 से 2022 तक कंपनी के प्रबंध निदेशक और 2010 से 2014 तक डिप्टी एमडी एवं सीईओ रह चुके हैं। कंपनी को विकास के अगले चरण में ले जाने के उद्देश्य से उन्हें एक बार फिर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
CFO, COO और HR Head की भी नियुक्ति
जिंदल स्टील ने अपने नेतृत्व ढांचे को मजबूत करने के लिए कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति भी की है।
संदीप मोदी को मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) एवं प्रमुख प्रबंधकीय कार्मिक नियुक्त किया गया है। वे हिंदुस्तान जिंक, भारत एल्युमिनियम कंपनी (BALCO) और तलवंडी साबो पावर में CFO रह चुके हैं।
राजीव कुमार को मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) बनाया गया है। स्टील उद्योग में 35 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले राजीव कुमार वेदांता एल्युमिनियम के CEO और टाटा स्टील कलिंगनगर में वरिष्ठ नेतृत्व की भूमिका निभा चुके हैं।
सुखजीत एस. पसरीचा को मानव संसाधन प्रमुख (HR Head) नियुक्त किया गया है। उनके पास इंडिगो, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस और एयरटेल जैसी कंपनियों में लगभग 30 वर्षों का अनुभव है।
नए वैधानिक लेखा परीक्षक की भी सिफारिश
बोर्ड ने एस एस कोठारी मेहता एंड कंपनी LLP को आगामी 47वीं एजीएम से 52वीं एजीएम तक पांच वर्षों के लिए वैधानिक लेखा परीक्षक (Statutory Auditor) नियुक्त करने की सिफारिश भी की है। यह नियुक्ति शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगी। कंपनी का मानना है कि नए नेतृत्व के साथ जिंदल स्टील अपने विस्तार, परिचालन क्षमता और कॉर्पोरेट गवर्नेंस (Jindal Steel) को नई मजबूती देगा।

