सूरजपुर, 27 जुलाई। Murder in the Park : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रविवार रात दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। नेहरू पार्क में टहल रही 19 वर्षीय युवती की एक बाइक सवार युवक ने धारदार हथियार से गले पर हमला कर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल युवती को पहले जिला अस्पताल और फिर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान राधिका राजवाड़े के रूप में हुई है। वह लटोरी की रहने वाली थी और सूरजपुर में एक अधिवक्ता के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करते हुए वहीं रह रही थी।
बिना बताए पार्क पहुंची थी युवती
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम राधिका बिना किसी को बताए नेहरू पार्क घूमने गई थी। इसी दौरान बाइक पर पहुंचे एक युवक ने उसके गले पर चाकू से हमला कर दिया। हमला इतना खौफनाक था कि चाकू गले के आर-पार हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घायल अवस्था में युवती ने पुलिस को कुछ बताने की कोशिश भी की थी।
CCTV के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
प्रेम प्रसंग का एंगल, जांच जारी
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

