रायपुर, 31 जुलाई। Crisis in Congress : छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष (PCC Chief) के पद को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। दिल्ली दौरे से वरिष्ठ नेताओं के लौटने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट विवाद का कारण बन गई है। इस मामले में सारंगढ़-बिलाईगढ़ के पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता अरुण मालाकार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, अरुण मालाकार ने फेसबुक पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए उमेश पटेल के नेतृत्व के समर्थन में एक पोस्ट साझा की थी। संगठन ने इसे पार्टी की छवि को धूमिल करने वाला और अनुशासन के विरुद्ध माना है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर जारी नोटिस में अरुण मालाकार से तीन दिन के भीतर लिखित जवाब मांगा गया है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में जवाब नहीं दिया गया या जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।इस घटनाक्रम ने प्रदेश कांग्रेस के भीतर चल रही नेतृत्व को लेकर चर्चाओं और अंदरूनी खींचतान को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।


