रायपुर, 10 अगस्त। Chamber of Commerce : छत्तीसगढ़ के व्यापार और उद्योगों को पूर्वोत्तर राज्यों तक विस्तार देने की दिशा में एक अहम पहल होने जा रही है। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और पूर्वोत्तर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड कम्युनिटी के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार, 11 अगस्त को रायपुर में ‘बिजनेस कनेक्ट’ का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूर्वोत्तर चैंबर का कारोबारी प्रतिनिधिमंडल सोमवार को स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर पहुंचा। एयरपोर्ट पर चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
कई क्षेत्रों के कारोबारी प्रतिनिधिमंडल में शामिल
प्रतिनिधिमंडल में PCCC दिल्ली NCR के चेयरमैन अजय खेमानी, वाइस चेयरमैन सुशील अग्रवाल, अध्यक्ष राजेश सोनी तथा कार्यकारी सदस्य और स्टार सीमेंट निर्माता पंकज केजरीवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कारोबारी एवं विशेषज्ञ शामिल हैं।
इसके अलावा बीकानेरवाला, रेक्सिन एवं ग्रेनाइट व्यवसाय से जुड़े नवरतन अग्रवाल, मोटिवेशनल स्पीकर एवं एग्रीकल्चर ड्रोन निर्माता डॉ. शंकर गोयनका, स्टील प्लांट उद्योगपति उदय चौधरी, फंडिंग एवं बिजनेस डेवलपमेंट विशेषज्ञ सारंग अग्रवाल, ट्रैवल्स एवं फाइनेंस विशेषज्ञ सीए उमेद कुमार जैन, CSA ग्रुप के संतोष मित्तल, रियल एस्टेट क्षेत्र से विजय अग्रवाल और गोपाल अग्रवाल, कॉरपोरेट गिफ्ट व्यवसायी पंकज अग्रवाल तथा IT सेक्टर से लोकेश खेतान रायपुर पहुंचे हैं।
B2B मीटिंग से मार्केट एक्सचेंज तक होगी चर्चा
‘बिजनेस कनेक्ट’ का उद्देश्य छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करना और दोनों क्षेत्रों के कारोबारियों के लिए नए बाजार एवं व्यावसायिक अवसर तलाशना है।
कार्यक्रम में B2B मीटिंग्स, बिजनेस नेटवर्किंग और मार्केट एक्सचेंज जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। इससे दोनों क्षेत्रों के व्यापारियों और उद्योगपतियों को सीधे संवाद तथा कारोबारी संभावनाओं को समझने का अवसर मिलेगा।
कब और कहां होगा कार्यक्रम?
‘बिजनेस कनेक्ट’ का आयोजन मंगलवार 11 अगस्त 2026 को सुबह 10:30 बजे से होटल बेबीलोन इंटरनेशनल, वीआईपी रोड, रायपुर में किया जाएगा।
व्यापारिक रिश्तों का नया अध्याय शुरू होने की उम्मीद
चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि इस आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर के बीच व्यापारिक संबंधों का एक नया अध्याय शुरू होगा। कार्यक्रम को दोनों क्षेत्रों के उद्योग और व्यापार जगत के बीच संपर्क बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर चेम्बर के कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, कार्यकारी अध्यक्ष राधाकिशन सुंदरानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, कार्यकारी महामंत्री विकास आहूजा, उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन, दिलीप इसरानी, सुदेश मध्यान, जितेंद्र बड़वानी, जितेंद्र शादीजा, मनीष प्रजापति, राजेश गुरनानी तथा मंत्री जनक वाधवानी और जतिन नचरानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

