रायपुर, 10 अगस्त। Tiranga Utsav Rally : ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ अभियान के तहत महात्मा गांधी मार्ग व्यापारी विकास संघ की ओर से सोमवार को भव्य तिरंगा उत्सव रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए और हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
रैली के दौरान भारत माता के जयकारों से पूरा महात्मा गांधी मार्ग गूंज उठा। व्यापारियों ने उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में हिस्सा लेकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशप्रेम की भावना को मजबूत किया।
हर दुकान तक पहुंचाया तिरंगा
संस्था की ओर से महात्मा गांधी मार्ग से जुड़े व्यापारी सदस्यों तक तिरंगा पहुंचाया गया। व्यापारियों से अपील की गई कि वे तिरंगे की शान और मर्यादा का ध्यान रखते हुए उसे उचित स्थान पर स्थापित करें। इस पहल का उद्देश्य ‘हर घर तिरंगा, हर दुकान तिरंगा’ अभियान के जरिए अधिक से अधिक लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ना रहा।
शारदा चौक से गुरु नानक चौक तक निकली रैली
तिरंगा उत्सव रैली शारदा चौक से शुरू होकर गुरु नानक चौक तक पहुंची। रास्तेभर व्यापारी हाथों में तिरंगा लेकर रैली में शामिल होते गए। रैली गरचा कॉम्प्लेक्स के सामने पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी साथियों ने उत्साह के साथ रैली का स्वागत किया और इसमें शामिल होकर देशप्रेम की भावना को मजबूती दी।
व्यापारी पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक विक्रम सिंह देव और महेंद्र तलरेजा, अध्यक्ष संजय जादवानी, महामंत्री जैन विकास सिपानी, कोषाध्यक्ष परेश पारेख और सह-कोषाध्यक्ष अमरीक बागल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने तिरंगा उत्सव रैली में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया।

