रायपुर, 28 सितंबर। CG Job Mela 2026: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए नौकरी का बड़ा अवसर सामने आया है। राजधानी रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार विभाग के आधिकारिक पोर्टल के अनुसार मेला बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा, रायपुर में आयोजित होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किए जाएंगे। रोजगार मेले के लिए अब तक 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं से 8,720 पदों की जानकारी प्राप्त होने की बात सामने आई है।
10वीं से पोस्ट ग्रेजुएट तक युवाओं को मौका
रोजगार मेले में 10वीं-12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक और पोस्ट ग्रेजुएट योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध होंगे। आधिकारिक पोर्टल पर जारी रिक्तियों में 10वीं, 12वीं, डिप्लोमा, आईटीआई और स्नातक सहित अलग-अलग योग्यताओं वाले पद शामिल हैं।
इन सेक्टर में मिल सकते हैं रोजगार के अवसर
मेले में मैन्युफैक्चरिंग, टेक्निकल, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, सेल्स एवं मार्केटिंग, बैंकिंग एवं फाइनेंस, ऑफिस वर्क, मानव संसाधन, कस्टमर सर्विस, हेल्थ एंड केयर, सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी समेत विभिन्न क्षेत्रों में अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ के आधिकारिक ई-रोजगार पोर्टल पर जाकर ‘रोजगार इच्छुक लॉगिन’ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद उपलब्ध रिक्तियों का चयन करना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को निर्धारित तारीख और समय पर साक्षात्कार के लिए उपस्थित होना होगा।
रोजगार मेले की प्रक्रिया निःशुल्क है। रोजगार विभाग ने अभ्यर्थियों को किसी भी नियोजक को प्रोसेसिंग शुल्क या अन्य किसी मद में राशि नहीं देने की चेतावनी दी है।

