नई दिल्ली, 04 अक्टूबर। Rajya Sabha Election: राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने उत्तराखंड से दिनेश आर्य और पश्चिम बंगाल से रुक्मिणी मल्लिक उर्फ कोयल मल्लिक को उम्मीदवार बनाया है। दोनों नामों को बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंजूरी दी है।
16 अक्टूबर को होगा राज्यसभा चुनाव
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक 16 अक्टूबर 2026 को 12 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होंगे। इनमें उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की 1 सीट पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे, जबकि पश्चिम बंगाल की 1 सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। मतदान 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
उत्तराखंड में मौजूदा राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसी सीट के लिए बीजेपी ने दिनेश आर्य को उम्मीदवार बनाया है।
बंगाल से कोयल मल्लिक को टिकट
पश्चिम बंगाल की खाली हुई राज्यसभा सीट पर बीजेपी ने अभिनेत्री से नेता बनीं रुक्मिणी मल्लिक उर्फ कोयल मल्लिक को उम्मीदवार बनाया है। वह पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) से राज्यसभा सांसद थीं और जुलाई 2026 में राज्यसभा तथा TMC से इस्तीफा देने के बाद बीजेपी में शामिल हुई थीं। उनकी खाली की गई सीट पर ही उपचुनाव हो रहा है।
नामांकन की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। 6 अक्टूबर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 16 अक्टूबर को मतदान और मतगणना होगी।
महाराष्ट्र विधान परिषद के लिए भी BJP ने घोषित किए उम्मीदवार
बीजेपी ने महाराष्ट्र विधान परिषद के आगामी चुनाव के लिए भी तीन उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी ने पुणे डिवीजन ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र से स्मिता योगेश जाधव, नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र से सुधाकर विट्ठलराव कोहले और पुणे डिवीजन टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र से कौस्तुभ मुरलीधर गावड़े को उम्मीदवार बनाया है।
महाराष्ट्र की इन सीटों के लिए सत्तारूढ़ महायुति में सीट बंटवारे को लेकर 3:1:1 फॉर्मूले की जानकारी सामने आई है। इसके तहत बीजेपी तीन, NCP एक और शिवसेना एक सीट पर चुनाव लड़ने की बात कही गई है।

