उज्जैन, 14 नवंबर 2026। Mahakal Temple Rules : उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में नियमों के उल्लंघन को लेकर मंदिर प्रबंध समिति ने सख्त कार्रवाई की है। मंदिर परिसर में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर प्रतिबंध के बावजूद रील बनाए जाने का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाली कोर सिक्योरिटी कंपनी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में कंपनी के तीन सुरक्षाकर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
विधायक पुत्र की रील वायरल होने के बाद जांच
मामला शुक्रवार का है, जब इंदौर के विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे थे। आरोप है कि दर्शन और मंदिर परिसर में लोगों से मुलाकात के दौरान उन्होंने रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। मंदिर परिसर में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित होने के कारण वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
मंदिर प्रबंध समिति ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। जांच में सुरक्षा ड्यूटी में लापरवाही सामने आने के बाद संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की गई।
कोर सिक्योरिटी कंपनी पर 5 लाख का जुर्माना
मंदिर प्रबंध समिति ने सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाली कोर सिक्योरिटी कंपनी पर पांच लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया है। इसके अलावा ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
महाकाल मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मंदिर परिसर में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी विवादों में रहा है विधायक पुत्र का नाम
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, रुद्राक्ष शुक्ला से जुड़ा मंदिर नियमों के उल्लंघन का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी उनके गर्भगृह में बिना अनुमति प्रवेश करने की बात सामने आई थी। इसके अलावा देवास की माता टेकरी में पुजारी के साथ विवाद को लेकर भी उनका नाम चर्चा में रहा है।
मंदिर प्रबंध समिति ने स्पष्ट किया है कि महाकाल मंदिर की मर्यादा और निर्धारित नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ भी आगे इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।

