Vedanta Blast Latest Update : अस्पताल में 3 और मौतें…आंकड़ा 13 पहुंचा…कई मजदूर अब भी ICU में…परिजनों का फूटा गुस्सा…CM साय ने मुआवजा बढ़ाया…जांच के आदेश

Vedanta Blast Latest Update : अस्पताल में 3 और मौतें…आंकड़ा 13 पहुंचा…कई मजदूर अब भी ICU में…परिजनों का फूटा गुस्सा…CM साय ने मुआवजा बढ़ाया…जांच के आदेश

सक्ती, 15 अप्रैल। Vedanta Blast Latest Update : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट ने पूरे प्रदेश को हिला कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा अपडेट के अनुसार, रायगढ़ के ओपी फोर्टिस जिंदल अस्पताल में इलाज के दौरान 3 और मजदूरों की मौत हो गई, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।

मृतकों में ज्यादातर मजदूर पश्चिम बंगाल के निवासी

बताया जा रहा है कि मृतकों में ज्यादातर मजदूर पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। हादसे में घायल 26 से अधिक मजदूरों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है, जिनमें कई की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। ऐसे में मौत का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

कैसे हुआ भीषण हादसा

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे डभरा थाना क्षेत्र के वेदांता पावर प्लांट में अचानक बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

परिजनों का फूटा गुस्सा

घटना के बाद प्लांट के बाहर परिजनों और मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने एम्बुलेंस को रोककर घायलों को दिखाने की मांग की और जमकर नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ते देख प्लांट का मुख्य गेट बंद कर दिया गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें न तो मृतकों के पास जाने दिया जा रहा है और न ही सही जानकारी दी जा रही है। उन्होंने मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।

CM साय का ऐलान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही सभी घायलों के निःशुल्क और समुचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं।

जांच के आदेश

मुख्यमंत्री ने बिलासपुर कमिश्नर (Vedanta Blast Latest Update) को घटना की जांच के निर्देश देते हुए कहा है कि जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और राहत एवं पुनर्वास कार्य प्राथमिकता पर किए जा रहे हैं।

About The Author

छत्तीसगढ ब्रेकिंग न्यूज़