कांकेर, 02 जून। Congress Leader Suicide : छत्तीसगढ़ के कांकेर शहर से मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली की लाश संजय नगर स्थित गौठान परिसर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पंचायत सचिव की मौत मामले में गए थे जेल
जानकारी के मुताबिक कुछ महीने पहले कोदागांव में हुए सड़क हादसे में पंचायत सचिव की मौत हो गई थी। आरोप था कि नवाज अली की कार की टक्कर से सचिव गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने नवाज अली के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें जेल भेजा था। बताया जा रहा है कि हाल ही में वे जेल से बाहर आए थे।
आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस मृतक के परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर रही है। आत्महत्या के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश जारी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो भरोसेमंद लोगों से बात करें और पेशेवर मदद लेने में संकोच न करें।

