बेमेतरा, 28 जून। Wall Collapse : छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम राउरपुर में जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आकर दो मासूम बहनों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृत बच्चियों की पहचान वंशिका कोशले (11 वर्ष) और राधिका कोशले (7 वर्ष), पिता ओमप्रकाश कोशले, के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला की पहचान शशिकला के रूप में हुई है।
बारिश के बीच अचानक ढही दीवार
जानकारी के अनुसार दोनों बच्चियां घर के आंगन में खेल रही थीं। लगातार बारिश के कारण पहले से कमजोर हो चुकी दीवार अचानक ढह गई। हादसे में दोनों बच्चियां और पास खड़ी महिला इसकी चपेट में आ गईं।
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों मासूम बच्चियों ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है।
\\

