भागलपुर, 03 जुलाई। Builder Murder : बिहार के भागलपुर में बिल्डर बजरंग कुमार की बेहद क्रूर तरीके से हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई है। तिलकामांझी थाना के ठीक सामने स्थित उनके कार्यालय में हुई इस वारदात ने पुलिस व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या केवल जान लेने के लिए नहीं, बल्कि गहरी व्यक्तिगत रंजिश और नफरत का संदेश देने के इरादे से की गई।
पुलिस के अनुसार, हत्या से पहले ऑफिस में शराब पार्टी हुई थी। घटनास्थल से शराब के गिलास मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वारदात में शामिल लोग बजरंग के बेहद करीबी थे। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें निर्वस्त्र कर गला, हाथ की चार अंगुलियां और प्राइवेट पार्ट काट दिया।
संघर्ष के कम निशान, करीबी लोगों पर शक
जांच में सामने आया है कि घटनास्थल पर संघर्ष के ज्यादा निशान नहीं मिले। ऑफिस का सामान और नीचे खड़ी बाइक भी सुरक्षित मिली, जिससे लूट की आशंका फिलहाल कमजोर मानी जा रही है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों का मकसद केवल बजरंग कुमार की हत्या करना था। घटना तिलकामांझी थाना के ठीक सामने हुई, लेकिन किसी पुलिसकर्मी या आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। इस वजह से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
दो संदिग्ध हिरासत में
एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है और 24 घंटे के भीतर मामले के खुलासे के निर्देश दिए हैं। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कोतवाली और परबत्ती इलाके से दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पिता ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप
मृतक के पिता दिनेश्वर प्रसाद सिंह ने आरोप लगाया कि सुबह करीब 4:15 बजे पुलिस को सूचना देने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि परिवार ने कुछ लोगों के नाम और कारोबारी विवाद की जानकारी भी दी थी, लेकिन पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। काफी देर बाद ऑफिस का ताला खुलवाया गया, तब हत्या का खुलासा हुआ।
कारोबारी विवाद और नकदी की भी जांच
पुलिस जमीन कारोबार, निर्माण कार्य से जुड़े विवाद, पैसों के लेन-देन और व्यक्तिगत रंजिश समेत (Builder Murde) कई पहलुओं पर जांच कर रही है। बजरंग कुमार के करीबियों के मुताबिक, वह अक्सर ऑफिस में बड़ी मात्रा में नकदी रखते थे। हालांकि ऑफिस का सामान और बाइक सुरक्षित मिलने के कारण जांच फिलहाल व्यक्तिगत दुश्मनी और करीबी लोगों की भूमिका पर केंद्रित है।

