रायपुर, 07 जुलाई। Higher Education Dept : छत्तीसगढ़ सरकार ने राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की गतिविधियों को अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में 29 अंशकालीन जिला संगठकों की नियुक्ति करते हुए संबंधित प्राध्यापकों और व्याख्याताओं को आगामी दो वर्षों के लिए अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है।
कलेक्टरों के साथ बनेगी जिला स्तरीय सलाहकार समिति
जारी आदेश के अनुसार सभी नवनियुक्त जिला संगठकों को अपने-अपने जिले के कलेक्टर से समन्वय स्थापित कर जिला स्तरीय सलाहकार समिति का गठन सुनिश्चित करना होगा। साथ ही समय-समय पर समिति की बैठकें आयोजित कर NSS गतिविधियों की समीक्षा भी करनी होगी।
हर महीने देनी होगी रिपोर्ट
उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी जिला संगठक प्रत्येक माह अपना दौरा कार्यक्रम, निरीक्षण रिपोर्ट और कार्यों का संकलित प्रतिवेदन निर्धारित प्रारूप में संबंधित विश्वविद्यालयीन NSS प्रकोष्ठ और राज्य NSS प्रकोष्ठ को भेजेंगे।
इन इकाइयों की भी करेंगे निगरानी
जिला संगठक अपने क्षेत्र की सभी राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों, जिनमें कृषि और तकनीकी शिक्षा संस्थानों की NSS इकाइयां भी शामिल हैं, के संचालन, समन्वय और निरीक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही गतिविधियों की नियमित रिपोर्ट संबंधित विश्वविद्यालयों को भेजेंगे।
NSS गतिविधियों को मिलेगा नया विस्तार
सरकार का उद्देश्य राष्ट्रीय सेवा योजना को अधिक सक्रिय, जवाबदेह और प्रभावी बनाना है, ताकि विद्यार्थियों की सामाजिक भागीदारी बढ़े और सेवा कार्यों का बेहतर संचालन सुनिश्चित हो सके।

