बाराबंकी, 14 नवंबर। Train Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों के साथ ट्रेन के आगे कूद गई। जिसकी चपेट में आने से मौके पर ही तीनों की दर्दनाक मौत हो गई। चार जिंदगियों के एक साथ खत्म होने से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद महिला के पति ने जो बातें बताईं, उसने इस त्रासदी को और भी भावुक बना दिया है। मृत महिला की पहचान 39 वर्षीय किरण देवी पाल के रूप में हुई है। मृत बच्चियों में पांच वर्षीय काव्या और सात साल की जुड़वां बहनें अनुष्का और कनिष्का शामिल हैं। घटना 14 नवंबर को बाराबंकी के कोतवाली नगर क्षेत्र के गांधी नगर वार्ड में रेलवे लाइन के पास हुई।
इलाज का खर्च और बच्चों के भविष्य की चिंता में रहती थीं किरण
किरण के पति रामतीरथ के मुताबिक, उनकी पत्नी लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनका बच्चेदानी का ऑपरेशन हो चुका था और आंखों का इलाज भी जारी था। बीमारी के कारण उन्हें काफी परेशानी होती थी। इलाज में लगातार पैसे खर्च होने की वजह से वह परिवार और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित रहती थीं। रामतीरथ ने बताया कि पत्नी अक्सर इस बात को लेकर परेशान रहती थीं कि उनके इलाज में इतना पैसा खर्च हो रहा है तो बच्चों की पढ़ाई और भविष्य का क्या होगा। वह उन्हें समझाते थे कि बच्चे अभी छोटे हैं, पढ़-लिखकर बड़े होंगे और अपने पैरों पर खड़े हो जाएंगे।
जिस बेटी के साथ बाजार गए थे पिता, वही बची
घटना वाले दिन रामतीरथ अपनी पत्नी को आंखों का इलाज कराने अस्पताल लेकर गए थे। दोपहर करीब तीन बजे दोनों घर लौटे। इसके बाद वह अपनी एक बेटी को लेकर सर्दियों के कपड़े खरीदने बाजार चले गए। शाम करीब चार बजे के बाद जब वह लौट रहे थे, तभी मोहल्ले की एक दुकान पर उन्हें रेलवे ट्रैक के पास ट्रेन हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्हें पता चला कि हादसे में उनकी पत्नी और तीनों बेटियों की जान जा चुकी है। परिवार की 12 वर्षीय एक अन्य बेटी उस समय पिता के साथ बाजार गई हुई थी। इस वजह से वह अपनी मां और बहनों के साथ घटनास्थल पर मौजूद नहीं थी।
पुलिस को आत्महत्या की आशंका, हर पहलू से जांच
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाल सुधीर सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। वहीं सीओ सिटी आफताब आलम ने बताया कि महिला अपनी तीन बेटियों के साथ ट्रेन की चपेट में आई थी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। महिला की बीमारी, इलाज का खर्च और बच्चों के भविष्य को लेकर उसकी चिंता की बात पति ने बताई है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

