रायपुर, 30 जुलाई। Rain Alert : लगातार हो रही बारिश ने छत्तीसगढ़ में मानसून को अब आफत में बदल दिया है। लोग जहां एक ओर बारिश से राहत की उम्मीद कर रहे थे, वहीं उफनते नदी-नाले और झरने अब मौत का कारण बनते जा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में अलग-अलग जिलों में पांच लोगों की जान जा चुकी है। सबसे दर्दनाक घटना सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामने आई, जहां तेज बहाव में बहे दंपती के शव चार दिन बाद उनकी कार के अंदर मिले। इसी बीच मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है, जिससे प्रशासन ने लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।
4 दिन बाद कार में मिले पति-पत्नी के शव

26 जुलाई को दंपती कार से यात्रा कर रहे थे। उफनते नाले को पार करने की कोशिश में उनकी कार तेज बहाव में बह गई थी। लगातार चार दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार को चिखली गांव के पास घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर कार बरामद हुई। कार के अंदर दोनों के शव मिलने से पूरे इलाके में मातम छा गया।
गरियाबंद में नाले में बहा व्यक्ति
गरियाबंद जिले के सरगी नाले को पार करते समय सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) तेज बहाव में बह गए। स्थानीय लोगों के अनुसार वह नशे की हालत में थे। काफी तलाश के बाद उनका शव करीब 5 किलोमीटर दूर खुटेरी गांव के पास मिला।
दमाऊधारा झरने में बहा युवक
सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र स्थित दमाऊधारा झरने में दोस्तों के साथ घूमने आए दुर्ग-भिलाई निवासी प्रतीक कंवर (20) मंगलवार को तेज बहाव में बह गए थे। एसडीआरएफ और प्रशासन ने करीब 24 घंटे तक रेस्क्यू चलाया, जिसके बाद बुधवार को उनका शव बरामद किया गया।
48 घंटे भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की गई है।
सिकासार बांध से छोड़ा गया 15 हजार क्यूसेक पानी
लगातार बारिश के कारण सिकासार बांध से करीब 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके बाद पैरी नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं राजधानी रायपुर में लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार करने की कोशिश न करें। पर्यटन स्थलों, झरनों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करें।

