रायपुर, 13 नवंबर। Liquor Scam: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में जांच एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल और वर्ष 2023 से फरार चल रहे विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी को शराब घोटाले की जांच में अहम सफलता माना जा रहा है।
2023 से फरार था विकास अग्रवाल
शराब घोटाले का मामला सामने आने के बाद से ही विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू जांच एजेंसियों की रडार पर था। बताया जा रहा है कि वह वर्ष 2023 में देश छोड़कर फरार हो गया था और लगातार जांच एजेंसियों को चकमा दे रहा था। अब दुबई में उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े आर्थिक लेन-देन और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर नए खुलासे होने की उम्मीद है।
अनवर ढेबर के वसूली नेटवर्क में थी अहम भूमिका
जांच एजेंसियों के अनुसार, विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू शराब घोटाले के प्रमुख आरोपी अनवर ढेबर का करीबी सहयोगी रहा है। आरोप है कि वह अनवर ढेबर के कथित अवैध वसूली नेटवर्क को संचालित करने और पैसों के लेन-देन का हिसाब-किताब संभालने में अहम भूमिका निभाता था। एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं, ताकि घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगाया जा सके।
सौरभ चंद्राकर के बाद एक और आरोपी विदेश में गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी को विदेश में छिपे आरोपियों के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। इससे पहले महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में भी विदेश में रह रहे आरोपी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी की खबर सामने आई थी। विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियों की पूछताछ में शराब घोटाले से जुड़े कथित वसूली नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।

