कोरिया, 30 जून। Triple Murder : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित नौगई ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। राज्य सरकार ने 16 जून को हुए तिहरे हत्याकांड की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने के लिए अपनी सहमति दे दी है। इस फैसले के बाद पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को पीड़ित परिवार से चर्चा की। इसके बाद सरकार ने मामले की गहन और निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच को मंजूरी देने का निर्णय लिया। मृतकों के परिजन शुरुआत से ही इस मामले की CBI जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
बीजेपी नेता सहित तीन लोगों की हुई थी हत्या
16 जून की रात कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र (Triple Murder) के ग्राम नौगई में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह, नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की कथित तौर पर वाहन में आग लगाकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे प्रदेश में आक्रोश पैदा कर दिया था। अब CBI जांच को मंजूरी मिलने के बाद मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी करेगी, जिससे घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल होने की उम्मीद है।


